छत्तीसगढ़छत्तीसगढ़ जनसंपर्कराज्य

बिरकोनी में लगा सेवा सेतु शिविर, हितग्राहियों को बांटी गई सामग्री और चेक

महासमुंद । विकासखंड के ग्राम बिरकोनी में सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत सेवा सेतु शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं और विभिन्न सेवाओं को सीधे आमजन तक पहुंचाना रहा। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा शामिल हुए।

शिविर में जनपद अध्यक्ष दिशा राम स्वरूप दीवान, जनपद सदस्यगण, सरपंच चंदना चंद्राकर, जिला पंचायत सीईओ अनुपमा आनंद सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि, विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाए गए, जहां ग्रामीणों को शासन की योजनाओं, पात्रता, आवेदन प्रक्रिया और आवश्यक दस्तावेजों की जानकारी दी गई। साथ ही ग्रामीणों की समस्याओं और मांगों से संबंधित आवेदन भी लिए गए। महासमुंद विकासखंड की 27 ग्राम पंचायतों के नागरिकों की विभिन्न समस्याओं के समाधान की कार्यवाही की गई।

विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा ने शिविर में लगाए गए विभागीय स्टॉलों का निरीक्षण किया और हितग्राहियों को दी जा रही सेवाओं की जानकारी ली। उन्होंने ग्रामीणों की समस्याएं सुनते हुए अधिकारियों को पात्रतानुसार मामलों का त्वरित निराकरण करने के निर्देश दिए।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक श्री सिन्हा ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान विकसित भारत की दिशा में एक मजबूत संकल्प है। उन्होंने कहा कि अभियान के माध्यम से शासन और आमजन के बीच सीधा संवाद स्थापित हो रहा है तथा लोगों की समस्याओं का स्थानीय स्तर पर समाधान करने का प्रयास किया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना, प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना, आयुष्मान भारत, वात्सल्य और महतारी वंदन योजना सहित विभिन्न योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों को दिया जा रहा है। महासमुंद क्षेत्र में 37 गांवों के 4,670 आवासों के लिए 56 करोड़ रुपये की स्वीकृति मिलने की जानकारी भी दी गई।

शिविर में केंद्र और राज्य सरकार की 26 महत्वपूर्ण जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी ग्रामीणों को दी गई। इसके अलावा विभिन्न योजनाओं के तहत हितग्राहियों को सामग्री और किट वितरित की गई।

खाद्य विभाग द्वारा राशन कार्ड, प्रधानमंत्री आवास योजना के हितग्राहियों को मकान की चाबी, कृषि विभाग द्वारा कृषि किट, मत्स्य विभाग द्वारा जाल और आइस बॉक्स तथा स्वास्थ्य विभाग द्वारा आयुष्मान कार्ड प्रदान किए गए। साथ ही महिलाओं और कार्यकर्ताओं का सम्मान भी किया गया।

प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे सेवा सेतु शिविरों में पहुंचकर शासन की योजनाओं की जानकारी लें और पात्रतानुसार उपलब्ध सेवाओं का लाभ उठाएं।

आगामी 3 अक्टूबर को महासमुंद विकासखंड के ग्राम कोसरंगी, बागबाहरा के खुर्सीडबरी, पिथौरा के सांकरा, बसना के भूकेल और सरायपाली विकासखंड के ग्राम केंदुआ में सेवा सेतु शिविर आयोजित किए जाएंगे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button