ग्रामीणों ने उठाए पंचायत में वित्तीय अनियमितता के आरोप ग्राम पंचायत जरौद बड़े में 14.50 लाख रुपये के विकास कार्यों में गड़बड़ी का आरोप, ग्रामीणों ने की जांच की मांग

सिमगा। बलौदाबाजार-भाटापारा जिले के जनपद पंचायत सिमगा अंतर्गत ग्राम पंचायत जरौद बड़े में 15वें वित्त, मूलभूत एवं अन्य विकास कार्यों की राशि में कथित अनियमितता का मामला सामने आया है। ग्राम पंचायत के समस्त प्रभारियों एवं ग्रामीणों ने पंचायत में हुए विकास कार्यों और खर्च की गई राशि की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है।
ग्रामीणों द्वारा 2 नवंबर 2026 को मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जनपद पंचायत सिमगा के नाम सौंपे गए शिकायत आवेदन में आरोप लगाया गया है कि शासन द्वारा ग्राम पंचायत के विकास कार्यों के लिए 15वें वित्त, मूलभूत एवं स्वच्छता संबंधित अन्य विकास कार्यों के लिए जो भी राशि आबंदित हुई थी उसमें लगभग 14 लाख 50 हजार रुपये की राशि मात्र 15 वित्त की राशि से नलकूप बोर मरम्मत का विकास कार्य बताया गया, इसके बावजूद बाकी राशि का किसी प्रकार का विकास कार्य दिखाई नहीं दे रहे हैं।
शिकायत में बताया गया है कि 5 अक्टूबर 2026 को ग्रामसभा का आयोजन किया गया था, जिसमें आय-व्यय और विकास कार्यों से संबंधित जानकारी मांगी गई। ग्रामीणों का आरोप है कि ग्रामसभा में पंचायत सचिव एवं सरपंच द्वारा विकास कार्यों और खर्च की गई राशि का स्पष्ट विवरण प्रस्तुत नहीं किया गया। वहीं, ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया है कि लगभग 18 माह की अवधि बीत जाने के बाद भी पंचायत के आय-व्यय का पूरा हिसाब और कैशबुक उपलब्ध नहीं कराई गई है।
ग्रामीणों ने शिकायत में पंचायत की राशि के उपयोग, विकास कार्यों की वास्तविक स्थिति, भुगतान किए गए बिल-वाउचर तथा सरपंच एवं सचिव की भूमिका की सूक्ष्म जांच कराने की मांग की है। साथ ही जांच पूरी होने तक पंचायत की विकास राशि के आहरण पर रोक लगाने का भी अनुरोध किया है।




