सेम्हराडीह में अवैध शराब बिक्री पर कार्रवाई, दो आरोपी गिरफ्तार; ₹8,680 की शराब जब्त

बलौदाबाजार-भाटापारा। जिले के थाना सुहेला क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सेम्हराडीह में अवैध शराब बिक्री के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, इस कार्रवाई में आरोपियों के कब्जे से कुल 14.160 बल्क लीटर बियर, देशी और अंग्रेजी शराब जब्त की गई है, जिसकी कीमत ₹8,680 आंकी गई है। कार्रवाई में ग्रामीणों और महिला कमांडो टीम का सहयोग रहा।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 23 अक्टूबर 2026 की रात ग्राम सेम्हराडीह में अवैध शराब बिक्री की सूचना पर कार्रवाई की गई। तलाशी के दौरान पुलिस ने छह नग सिम्बा एक्स्ट्रा स्ट्रांग बियर, चार पाव मैकडॉवेल्स नंबर-1, तीन पाव रॉयल चैलेंज व्हिस्की और एक प्लास्टिक बोरी में रखे 50 पाव जम्मू स्पेशल व्हिस्की बरामद किए।
इस मामले में पुलिस ने अमर साहू (20 वर्ष), पिता दिनेश साहू और प्रीतम कुमार ध्रुव (26 वर्ष), पिता लोकनाथ ध्रुव, दोनों निवासी ग्राम सेम्हराडीह, थाना सुहेला, को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के मुताबिक, दोनों आरोपियों के विरुद्ध आबकारी अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की गई है। आरोपियों को न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया भी की गई।
पुलिस अधीक्षक गौरव राय के निर्देशन में जिले में अवैध शराब के क्रय-विक्रय पर अंकुश लगाने के लिए कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने इस कार्रवाई में ग्रामीणों और महिला कमांडो टीम के सहयोग को महत्वपूर्ण बताया है।



