सेवानिवृत्ति के दिन कर्मचारी के हाथ में हो PPO, लंबित 317 पेंशन प्रकरणों का 30 अक्टूबर तक होगा निराकरण

बलौदाबाजार । 28 सितंबर 2026। छत्तीसगढ़ शासन वित्त विभाग के निर्देशानुसार लंबित पेंशन प्रकरणों के शीघ्र निराकरण के लिए सोमवार को जिला पंचायत सभाकक्ष बलौदाबाजार में पेंशन निराकरण शिविर आयोजित किया गया। शिविर में विभिन्न विभागों के आहरण एवं संवितरण अधिकारियों ने हिस्सा लिया और लंबित प्रकरणों के निराकरण को लेकर दिशा-निर्देश प्राप्त किए।
कलेक्टर कुलदीप शर्मा ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सेवानिवृत्त होने वाले अधिकारी-कर्मचारियों को उनकी पेंशन और अन्य देय राशि समय पर उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने कहा कि लंबे समय तक सेवा देने के बाद सेवानिवृत्त होने वाले कर्मचारी को अपनी पेंशन के लिए कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।
कलेक्टर ने विशेष रूप से निर्देश दिया कि सेवानिवृत्ति के दिन कर्मचारी के हाथ में पेंशन पेमेंट ऑर्डर यानी PPO की प्रति उपलब्ध होनी चाहिए। इसके लिए विभागों को समय रहते पेंशन संबंधी प्रक्रिया पूरी करने के निर्देश दिए गए।

उन्होंने जिले में लंबित करीब 317 पेंशन प्रकरणों का 30 अक्टूबर तक निराकरण करने तथा आधार से मैपिंग नहीं हुए प्रकरणों को 5 अक्टूबर तक पूरा करने के निर्देश दिए। साथ ही सेवानिवृत्ति से 24 माह पहले ही पेंशन और अन्य स्वत्वों के भुगतान की प्रक्रिया शुरू करने को कहा।
कलेक्टर ने जिला कोषालय को प्रत्येक माह सेवानिवृत्त होने वाले कर्मचारियों की सूची तैयार करने के साथ-साथ उन कर्मचारियों की भी सूची बनाने के निर्देश दिए, जिन्हें सेवानिवृत्ति के दिन पेंशन आदेश की प्रति और सभी देयताएं प्राप्त हो चुकी हैं।
शिविर में विभिन्न विभागों के आहरण एवं संवितरण अधिकारियों ने पेंशन प्रकरणों से जुड़ी समस्याएं रखीं, जिनके संबंध में अधिकारियों द्वारा आवश्यक जानकारी एवं समाधान बताया गया। इस अवसर पर जिला कोषालय अधिकारी सौम्या शर्मा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं आहरण-संवितरण अधिकारी उपस्थित रहे।




