सिमगा पुलिस की जुआरियों पर बड़ी कार्रवाई, 6 आरोपी गिरफ्तार

बलौदाबाजार-भाटापारा। अवैध जुआ, सट्टा और असामाजिक गतिविधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सिमगा पुलिस ने दो अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई करते हुए ताश के पत्तों पर जुआ खेल रहे 6 आरोपियों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।
पुलिस के मुताबिक, ग्राम किरवई मवेशी बाजार में मुखबिर से सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम ने घेराबंदी कर कार्रवाई की। यहां बिजली के खंभे की रोशनी में काटपत्ती जुआ खेल रहे 3 आरोपियों को पकड़ा गया। आरोपियों के कब्जे और जुआ फड़ से ₹2,540 नकद और 52 पत्ती ताश बरामद की गई।
इसके बाद पुलिस ने ग्राम दामाखेड़ा के साप्ताहिक बाजार में भी कार्रवाई की। यहां भी बिजली की रोशनी में ताश के पत्तों पर जुआ खेल रहे 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। मौके से ₹2,550 नकद और 52 पत्ती ताश जब्त की गई।
दोनों कार्रवाई में पुलिस ने कुल ₹5,090 नकद और 104 पत्ती ताश बरामद किए हैं। गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 की धारा 3(2) के तहत अलग-अलग मामले दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की गई है।
पुलिस ने बताया कि अवैध जुआ-सट्टा और अन्य असामाजिक गतिविधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। साथ ही आम नागरिकों से अपील की गई है कि क्षेत्र में जुआ, सट्टा या किसी अन्य अवैध गतिविधि की जानकारी मिलने पर दृष्टि हेल्पलाइन नंबर 94792 20392 पर सूचना दें। पुलिस के अनुसार, सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।



