छत्तीसगढ़छत्तीसगढ़ जनसंपर्कराज्य

बाढ़ से हुई क्षति का 15 दिन में आकलन कर मुआवजा वितरण के निर्देश

बलौदाबाजार । 29 सितंबर 2026 को कलेक्टर कुलदीप शर्मा ने मंगलवार को समय-सीमा की बैठक में जिले में विभागीय कार्यों और शासन की योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने हाल ही में हुई भारी बारिश और बाढ़ से प्रभावित गांवों में मकान एवं फसल को हुए नुकसान का शीघ्र आकलन कर आरबीसी 6-4 के तहत प्रकरण तैयार करने और 15 दिनों के भीतर मुआवजा राशि वितरित करने के निर्देश दिए।

 

कलेक्टर ने तहसीलदारों को निर्देशित किया कि वे पटवारियों के माध्यम से बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में मकान और फसल क्षति का सर्वे कराकर रिपोर्ट तैयार कराएं। सभी एसडीएम को इसकी नियमित और कड़ाई से मॉनिटरिंग करते हुए समय पर मुआवजा भुगतान सुनिश्चित करने कहा गया। उन्होंने स्पष्ट किया कि राहत एवं मुआवजा वितरण में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

 

लंबित राजस्व प्रकरणों पर जताई नाराजगी

 

बैठक में राजस्व प्रकरणों की समीक्षा के दौरान बड़ी संख्या में लंबित त्रुटि सुधार प्रकरणों पर कलेक्टर ने नाराजगी जताई। उन्होंने 100 से अधिक लंबित प्रकरण वाले संबंधित नायब तहसीलदारों को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। वहीं डिजिटल क्रॉप सर्वे के लिए शेष खसरों का सर्वे जल्द पूरा कराने और आवश्यकता के अनुसार अधिक संख्या में सर्वेयर तैनात करने को कहा।

 

सुरभि गोठान और बालिका शौचालय निर्माण की समीक्षा

 

कलेक्टर ने प्रत्येक विकासखंड में निर्धारित 10-10 स्थानों पर सुरभि गोठान निर्माण के लिए प्रस्ताव शीघ्र भेजने के निर्देश पशुपालन विभाग के अधिकारियों को दिए। स्कूलों में बालिका शौचालय निर्माण की समीक्षा करते हुए उन्होंने अब तक स्वीकृत 136 स्कूलों में निर्माण कार्य जल्द शुरू कराने और शेष स्थानों के लिए भी शीघ्र स्वीकृति प्राप्त करने के निर्देश दिए।

 

आवास निर्माण में तेजी लाने के निर्देश

 

प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण एवं शहरी की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने निर्माणाधीन आवासों को जल्द पूर्ण कराने को कहा। साथ ही जिन हितग्राहियों द्वारा आवास निर्माण में रुचि नहीं ली जा रही है, उनसे नियमानुसार राशि वसूली की कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

 

आगामी 9 अक्टूबर को आयोजित होने वाले युवा उड़ान कार्यक्रम की तैयारियों की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने जिला ऑडिटोरियम में कार्यक्रम के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर पूरा करने के निर्देश दिए।

 

बैठक में ई-ऑफिस, सीएम हेल्पलाइन, लंबित राजस्व प्रकरण, सीपी ग्राम्स, मुख्यमंत्री जनदर्शन, पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना, डिजिटल क्रॉप सर्वे, डिजिटल किसान किताब, सेवा संकल्प अभियान, सेवा सेतु पोर्टल और न्यायालयीन प्रकरणों सहित विभिन्न विभागीय कार्यों की समीक्षा की गई।

 

इस दौरान जिला पंचायत की सीईओ सुश्री दिव्या अग्रवाल, अपर कलेक्टर ए.आर. टंडन, निशा नेताम मड़ावी, सीमा ठाकुर सहित सभी एसडीएम, जनपद सीईओ एवं विभिन्न विभागों के जिला अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button