पुरानी रंजिश में चाकू से जानलेवा हमला, दो आरोपी गिरफ्तार

बलौदाबाजार-भाटापारा। थाना पलारी पुलिस ने पुरानी रंजिश को लेकर जानलेवा हमला करने के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त चाकू और HF डीलक्स मोटरसाइकिल भी जब्त की है।
पुलिस के अनुसार, घटना 26 सितंबर 2026 की रात करीब 10 बजे ग्राम खैरी और धमनी के बीच जुड़वा तेंदू के पास हुई। प्रार्थी कृपाल पटेल अपने दोस्त कमलेश निषाद के साथ मोटरसाइकिल से लौट रहा था। इसी दौरान वहां हिरावन यदु मिला। बातचीत के दौरान आरोपी गांधी शंकर केवट अपने साथी राजेश कुमार निषाद के साथ मोटरसाइकिल से पहुंचा।
बताया गया कि पुरानी रंजिश और चखना दुकान से जुड़ी बात को लेकर आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। इसी दौरान गांधी शंकर केवट ने कथित तौर पर चाकू से हिरावन यदु के पेट पर वार कर दिया, जबकि राजेश कुमार निषाद ने डंडे से मारपीट की। घटना के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए। घायल हिरावन यदु को इलाज के लिए जिला अस्पताल बलौदाबाजार में भर्ती कराया गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पलारी पुलिस ने अपराध क्रमांक 387/2026 दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को 27 सितंबर 2026 को हिरासत में लिया। पूछताछ और मेमोरेंडम कथन के आधार पर घटना में प्रयुक्त चाकू तथा मोटरसाइकिल क्रमांक CG 04 MF 0146 जब्त की गई।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गांधी शंकर केवट (22 वर्ष), निवासी चंगोरी, हाल निवासी धमनी और राजेश कुमार निषाद (21 वर्ष), निवासी धमनी के रूप में हुई है। दोनों के खिलाफ BNS की धारा 296, 109(1), 118(1) और 3(5) के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई है। पुलिस द्वारा आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश करने की कार्रवाई की जा रही है।



