15 हजार से अधिक मजदूरों ने भरी हुंकार, विभिन्न मांगों को लेकर नवा रायपुर में एक दिवसीय धरना

रायपुर। भारतीय मजदूर संघ के बैनर तले छत्तीसगढ़ मध्यान्ह भोजन रसोइया संघ, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिका संघ, रेलवे मजदूर संघ सहित विभिन्न मजदूर संगठनों ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर नवा रायपुर अटलनगर में एक दिवसीय धरना प्रदर्शन किया।
इस धरना प्रदर्शन में प्रदेशभर से 15 हजार से अधिक मजदूरों के शामिल होने का दावा किया गया। प्रदर्शनकारियों ने वेतन वृद्धि समेत अपनी विभिन्न लंबित मांगों को लेकर सरकार का ध्यान आकर्षित किया।
मजदूर संगठनों का कहना है कि उनकी कई मांगें लंबे समय से शासन के समक्ष रखी जा रही हैं, लेकिन अब तक अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई है। इसी के चलते विभिन्न संगठनों ने एकजुट होकर नवा रायपुर में धरना प्रदर्शन किया।
धरने के दौरान मजदूरों ने अपनी मांगों को लेकर आवाज बुलंद की और शासन से जल्द सकारात्मक निर्णय लेने की मांग की। प्रदर्शन में बड़ी संख्या में महिला कार्यकर्ता और विभिन्न विभागों से जुड़े मजदूर भी मौजूद रहे।
अब देखने वाली बात होगी कि लंबे समय से लंबित मांगों को लेकर शासन की ओर से क्या कदम उठाया जाता है और मजदूर संगठनों की मांगों पर सरकार की ओर से क्या निर्णय सामने आता है।




