कुम्हारी में सूने मकान में चोरी करने वाला आरोपी गिरफ्तार, ₹25 हजार का सामान बरामद

बलौदाबाजार-भाटापारा। थाना गिधौरी पुलिस ने ग्राम कुम्हारी में सूने मकान का ताला तोड़कर चोरी करने के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी किया गया करीब ₹25 हजार का शत-प्रतिशत सामान बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार, ग्राम कुम्हारी निवासी संजय कुमार काठे ने थाना गिधौरी में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 2 सितंबर से 4 सितंबर 2026 के बीच अज्ञात चोर ने उनके सूने मकान का ताला तोड़कर घर में प्रवेश किया और टुल्लू मोटर पंप, गैस सिलेंडर, पुरानी साड़ियां तथा पीतल के बर्तन, कुकर और कड़ाही सहित करीब ₹25 हजार का सामान चोरी कर लिया।
रिपोर्ट के आधार पर थाना गिधौरी में धारा 331(4), 305(a) BNS के तहत अपराध दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की। अज्ञात आरोपी की तलाश के लिए पुलिस ने गांव में मुखबिर तंत्र सक्रिय किया और संदिग्धों से पूछताछ की।
जांच के दौरान पुलिस को गांव के ही दुर्गेश नवरत्न के चोरी की घटना में शामिल होने की जानकारी मिली। पुलिस के मुताबिक, घटना के बाद आरोपी गिरफ्तारी के डर से दूसरे राज्य में कमाने-खाने चला गया था। पुलिस लगातार उसकी गतिविधियों पर नजर रख रही थी।
25 सितंबर 2026 को मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी वापस गांव लौट आया है। सूचना पर गिधौरी पुलिस टीम ने घेराबंदी कर आरोपी को उसके ठिकाने से हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपी ने चोरी की घटना को अंजाम देना स्वीकार किया।
आरोपी के मेमोरेंडम कथन के आधार पर पुलिस ने उसकी निशानदेही पर टुल्लू मोटर पंप, गैस सिलेंडर, पीतल के बर्तन, कुकर, कड़ाही और साड़ियां सहित चोरी का पूरा सामान, जिसकी कुल कीमत करीब ₹25 हजार है, बरामद कर लिया।

पुलिस ने आरोपी दुर्गेश नवरत्न पिता मेलाराम नवरत्न, उम्र 37 वर्ष, निवासी ग्राम कुम्हारी, थाना गिधौरी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत करने की कार्रवाई की है।
पुलिस अधीक्षक गौरव राय के निर्देशन में हुई इस कार्रवाई में थाना गिधौरी पुलिस को चोरी का शत-प्रतिशत माल बरामद करने में सफलता मिली है।



