पलारी में यातायात नियमों के उल्लंघन पर पुलिस की सख्ती, वाहन चालकों पर की जा रही चालानी कार्रवाई

**पलारी (बलौदाबाजार-भाटापारा)।** सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और यातायात नियमों के प्रति लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से पलारी पुलिस द्वारा विशेष वाहन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस द्वारा बिना हेलमेट, बिना सीट बेल्ट, बिना ड्राइविंग लाइसेंस तथा दोपहिया वाहनों में तीन सवारी बैठाकर चलने वालों की जांच कर चालानी कार्रवाई की जा रही है। वहीं, शराब पीकर वाहन चलाने वालों की पहचान के लिए ब्रेथ एनालाइजर मशीन से जांच की जा रही है। अभियान के शुरुआती दौर में करीब पांच से छह वाहन चालकों के चालान किए जाने की जानकारी सामने आई है।

इसके साथ ही पुलिस नाबालिग बच्चों को वाहन नहीं चलाने और बिना वैध ड्राइविंग लाइसेंस के सड़क पर वाहन नहीं चलाने की समझाइश दे रही है। चारपहिया वाहन चालकों को सीट बेल्ट लगाने के लिए भी जागरूक किया जा रहा है।

पुलिस के अनुसार, शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम की धारा 185 के तहत कार्रवाई कर मामला न्यायालय भेजा जाता है। ऐसे मामलों में न्यायालय द्वारा नियमानुसार जुर्माना लगाया जाता है। वहीं, बिना लाइसेंस वाहन चलाने वालों पर भी कानूनी कार्रवाई की जाती है।
पुलिस ने आम नागरिकों और वाहन चालकों से अपील की है कि वे यातायात नियमों का अनिवार्य रूप से पालन करें। दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट और चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट का उपयोग करें तथा शराब के नशे में वाहन चलाने से बचें। पुलिस का कहना है कि सड़क सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।



