Breaking Newsछत्तीसगढ़राज्य

कमर्शियल यूनिवर्सिटी में चोरी का खुलासा, पिता-पुत्र गिरफ्तार; पंखे और कूलर बरामद

बलौदाबाजार-भाटापारा। ग्राम मोटियारीडीह स्थित कमर्शियल यूनिवर्सिटी में हुई चोरी के मामले में हथबंद पुलिस ने पिता-पुत्र की जोड़ी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी किए गए 3 सीलिंग पंखे और 1 विंडो कूलर, कुल करीब 7 हजार रुपये का सामान बरामद किया है।

पुलिस के मुताबिक, यूनिवर्सिटी भवन का पिछला दरवाजा टूटा हुआ मिला था। हॉल में लगे तीन सीलिंग पंखे और एक पुराना विंडो कूलर गायब थे। मामले में प्रार्थी भूपेन्द्र कुमार साहू की रिपोर्ट पर थाना हथबंद में अपराध क्रमांक 216/2026 दर्ज कर जांच शुरू की गई।

जांच के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि ग्राम मोटियारीडीह मैदान के पास दो व्यक्ति चोरी का सामान बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहे हैं। सूचना पर हथबंद पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और दोनों संदिग्धों को हिरासत में लिया।

पुलिस के अनुसार, पूछताछ में दोनों ने यूनिवर्सिटी में चोरी करना स्वीकार किया। इसके बाद आरोपी नेतराम कांगड़े के मेमोरेंडम कथन के आधार पर चोरी का सामान बरामद किया गया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान नेतराम कांगड़े (60), निवासी ग्राम अकलतरा, थाना सिमगा और ललित कुमार कांगड़े (35), निवासी ग्राम अकलतरा, थाना सिमगा के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों के खिलाफ धारा 331(4), 305(a) और 3(5) BNS के तहत कार्रवाई की है। पुलिस के अनुसार, आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश करने की प्रक्रिया की जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button